रायबरेली। हरचंदपुर इलाके में रविवार को डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
नेवाजखेड़ा गांव निवासी अमित कुमार यादव (23) शाम पांच बजे महावीर का पुरवा निवासी दोस्त रविंद्र (21) के साथ बाइक से गुरुबख्शगंज की तरफ जा रहे थे। बल्दूपुर गांव के पास हरचंदपुर की तरफ आ रहे डंपर से बाइक की टक्कर हो गई। इससे अमित कुमार की मौत हो गई, जबकि रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायल रविंद्र को सीएचसी पहुंचाया गया।
अमित खेती करते थे। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। बेटे की मौत की सूचना से परिजनों में रोना पीटना मच गया। हरचंदपुर थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि डंपर को कब्जे में लिया गया है। चालक भाग गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।