रायबरेली। नसीराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को मामूली विवाद को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। एक गुट के लोगों ने दूसरे गुट के घर पर धावा बोलकर उत्पात मचाया। युवक को पीटकर घायल कर दिया। घर में तोड़फोड़ की। बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। साइकिल तालाब में फेंक दी। जान बचाकर परिवार गांव से भाग निकला। सूूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की। कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
साथ ही तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। नसीराबाद थाना क्षेत्र के बिरनावां गांव के रहने वाले दो गुटों के दो युवकों की बाइक आपस में टकरा गई थी। इसको लेकर दोनों में मारपीट हो गई थी। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दिया। रविवार को एक गुट का युवक दूसरे गुट के घर की तरफ चला गया। दूसरे गुट के लोगों ने सोचा कि युवक साथियों के साथ हमला करने आया है। इसको लेकर दूसरे गुट के तमाम लोगों ने युवक के घर पर धावा बोल दिया। उसे पीटकर घायल कर दिया। साथ ही दो बाइकें तोड़ दी। साइकिल तालाब में फेंक दी।
दरवाजा तोड़ दिया। सामान इधर-उधर फेंक दिया। इस पर युवक और उसका परिवार जान बचाकर गांव छोड़कर फरार हो गया। सीओ सलोन रामकिशोर सिंह, थानेदार रवेंद्र सोनकर ने पहुंचकर घटना की जांच की। थानेदार का कहना है कि मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। घर पर तोड़फोड़ करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। केस लिखकर उचित कार्रवाई की जाएगी। सीओ का कहना है कि तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात करा दिया गया है।