रायबरेली। जिले में 21.27 लाख मतदाताओं के सत्यापन के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम तेज हो गया है। इसके तहत बीएलओ वोटरों को फॉर्म देकर मांगी गई जानकारी भरवा रहे हैं, वहीं आयोग ने एसआईआर फॉर्म को भर कर जमा करने में होने वाली परेशानी से राहत दिलाने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है। कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल से यह फॉर्म ऑनलाइन भरकर जमा कर सकता है। इसके लिए बस मोबाइल नंबर का वोटर आईडी कार्ड से लिंक होना जरूरी है।
एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने बताया कि जिले में 2242 बीएलओ के माध्यम से एसआईआर फॉर्म भरवाने का काम चल रहा है। वोटरों को मांगी गई जो भी सूचना उपलब्ध हो उसे भरकर अपना फॉर्म 4 दिसंबर तक बीएलओ को उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि एसआईआर का फॉर्म ऑनलाइन (वोटर.ईसीआई.जीओवी.इन) पर भी उपलब्ध है। सबसे पहले इपिक नंबर (मतदाता पहचान संख्या) दर्ज करना होगी। पहले से वोटर आईडी कार्ड है तो एपिक नंबर डालते ही सारी जानकारी खुद प्रदर्शित हो जाएगी।
नया मतदाता होने अथवा पहले से पंजीकृत न होने वालों को नया फॉर्म भरने का विकल्प मिलेगा। इसके बाद नाम, आयु, लिंग और पता जैसी पहले से भरी जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं। आवश्यकता अनुसार संशोधन या सुधार भी कर सकते हैं। पासपोर्ट साइज कलर फोटो अपलोड करना होगा।
ऑनलाइन फॉर्म भरने पर मिलेगी रसीद
ऑनलाइन एसआईआर फॉर्म भरने पर रसीद भी मिलेगी। इससे अपने आवेदन की स्थिति को ट्रैक कर सकते हैं। सफलतापूर्वक ऑनलाइन फॉर्म सबमिट होने के बाद एक्नॉलेजमेंट स्लिप और रेफरेंस नंबर मिलेगा, जिससे कभी भी अपने मोबाइल पर आवेदन की स्थिति को ट्रैक कर इसकी प्रगति जानी जा सकती है।