रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली को 879 करोड़ रुपये की 346 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रायबरेली का चहुंमुखी विकास हुआ है। अब जिले की तस्वीर बदल रही है।
1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रायबरेली को वीआईपी जिला कहा जाता था, लेकिन वीआईपी के नाम पर जिले को बदहाली और उपेक्षा ही मिली। वर्तमान सरकार ने विकास को जमीन पर उतारने का काम किया है।
उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। कहा कि कांग्रेस के लोग विरासत का अपमान करते हैं। राहुल गांधी ने खुद को जिम्मेदारियों से अलग कर लिया है। मनुस्मृति पर की गई टिप्पणी को लेकर उन्होंने राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायबरेली के सांसद जिले के विकास में रुचि नहीं ले रहे हैं।
योगी ने कहा कि कांग्रेस ने 50 वर्षों में जिले के लोगों को जितने आवास नहीं दिए, उससे अधिक आवास वर्तमान सरकार ने उपलब्ध कराए हैं। शौचालय निर्माण में भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से पहले माताओं-बहनों को एक और सौगात दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जिले के लोगों को विकास की गति आगे भी जारी रखने का भरोसा दिया।
इन परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 21 करोड़ रुपये की लागत से बने अवध केसरी राना बेनी माधव सिंह स्मारक का लोकार्पण किया। इसके अलावा 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से महराजगंज-इन्हौना मार्ग के सुदृढ़ीकरण, 24 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुलिस लाइन में जी प्लस-12 ट्रांजिट हॉस्टल तथा 21 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कुंदनगंज और पश्चिमगांव-टेरा-अघौरा मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
उन्होंने शिवगढ़ विकास खंड के ओसाह और बेला-भेला में 24-24 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। हरचंदपुर में खीरों-पाहो संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर तीन करोड़ रुपये की लागत से 4.10 मीटर स्पान आरसीसी बॉक्स पुलिया निर्माण की आधारशिला भी रखी।
डिग्री कॉलेज के मैदान पर आयोजित जनसभा में मौजूद महिलाओं की भीड़।
डिग्री कॉलेज के मैदान पर आयोजित जनसभा में मौजूद महिलाओं की भीड़।