रायबरेली। जिला अस्पताल प्रशासन मरीजों की एक्सरे जांच के लिए पर्याप्त प्लेट (फिल्म) की व्यवस्था कराने में नाकाम साबित हो रहा है। एक फिल्म (प्लेट) के चार भाग कर मरीजों को एक्सरे की रिपोर्ट दी जा रही है। सिर्फ मेडिकोलीगल केस में ही फुल प्लेट पर रिपोर्ट तैयार हो रही है। जबकि ओपीडी में आने वाले मरीजों की एक्सरे जांच में पूरी तरह औपचारिकता निभाई जा रही है।
शासन स्तर से जिला अस्पताल में एक्सरे की जांच को फ्री रखा गया है। वर्तमान समय में एक्सरे जांच के लिए अस्पताल प्रशासन प्लेट नहीं मंगवा पा रहा है। जानकारों का कहना है कि एक्सरे की फिल्म की खरीद की तुलना में अन्य ज्यादा कमीशन वाले चिकित्सीय सामग्री की खरीद को प्राथमिकता दी जा रही है। यह सामग्री लखनऊ के एक सप्लायर से सेटिंग के कारण मनमर्जी से खरीदी जा रही है।
एक्सरे कक्ष से फिल्म के लिए डिमांड होने के बाद भी फिल्म नहीं मंगवाई जा रही है। एक प्लेट के चार भाग करके ओपीडी में आने वाले मरीजों का एक्सरे करके रिपोर्ट दी जा रही है। इसका मरीजों को डॉक्टर के समक्ष रिपोर्ट दिखाने में काफी परेशानी उठाना पड़ रही है। सीएमएस पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि एक्सरे फिल्म की डिमांड की गई है। जल्द ही फिल्म आ जाएगी।
जिला अस्पताल में रोज होते 100 से ज्यादा एक्सरे
जिला अस्पताल में रोजाना 100 से अधिक मरीज एक्सरे जांच कराने के लिए पहुंचते हैं। इसके बाद भी अस्पताल प्रशासन रिपोर्ट तैयार कराने के लिए एडवांस में पर्याप्त फिल्म ही व्यवस्था करा पाने में नाकाम है।
डॉक्टरों के मोबाइल पर भेजते हैं रिपोर्ट
जिले के ग्रामीण क्षेत्र के जिन अस्पतालों में एक्सरे मशीन लगी है, वहां भी फिल्म का संकट है। मरीजों की जांच करके रिपोर्ट संबंधित चिकित्सक के मोबाइल पर भेज दिया जाता है। चिकित्सक रिपोर्ट को अपने मोबाइल में देखने के बाद मरीजों का इलाज कर रहे हैं।