श्रमिक की मौत से रोते बिलखते बच्चे और परिजन।
डलमऊ। ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई के दौरान 10 मई को पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के नौसेरा में एक ईंट-भट्ठे पर गोलाबारी की थी। इस दौरान वहां काम करने वाले ग्राम संतपुर के सोहनलाल (30) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके बाएं पैर की जांघ में गोली लगी थी।
उन्हें इलाज के लिए जम्मू कश्मीर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। एक माह से अधिक समय तक वहां इलाज कराने के बाद परिवार के लोग घर ले आए थे, लेकिन उनकी हालत ठीक नहीं थी। श्रमिक का घर पर ही इलाज चल रहा था। मंगलवार देर शाम उनकी मौत हो गई। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पति की मौत होने से पत्नी रेखा और बच्चे रो-रोकर बेहाल हैं। पत्नी का आरोप है कि पति का समुचित इलाज होता तो जान बच जाती। पैसे के अभाव में वह इलाज नहीं करा सकीं। उपजिलाधिकारी सतेंद्र सिंह का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तानी गोलीबारी में श्रमिक के घायल होने की जानकारी नहीं है।