लालगंज। कान्हमऊ निवासी रामस्वरूप पाल (50) आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना के फर्निशिंग शॉप में एक निजी कंपनी में काम करते थे। बुधवार सुबह वह गेट नंबर तीन के सामने फैक्टरी जाने के लिए सड़क के किनारे खड़े थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रायबरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटना स्थल पर भीड़ जमा हो गई। इससे रोड के दोनों ओर जाम लग गया। पुलिस व आरेडिका की रेलवे पुलिस के प्रयास के बाद सड़क पर आवागमन बहाल हुआ। हादसे के बाद श्रमिक के परिवार में मातम छा गया।
पत्नी राजरानी, बेटे अमित व अजय और बेटियों ममता, सविता, शालिनी, शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है। नाराज परिवारजन ने वाहन स्वामी से आर्थिक मदद की मांग की। करीब चार घंटे बाद वाहन स्वामी सरेनी के गोसाई खेड़ा गहरौली के गोविंद कुमार ने पीड़ित परिवार को 50 हजार की मदद देने का आश्वासन दिया। उसके बाद मामला शांत हुआ। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि वाहन पुलिस के कब्जे में है। जांच की जा रही है।