फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: रेलवे स्टेशन की चारदीवारी ढही, दबकर एक मजदूर की मौत, आठ घायल

Thu, 11 Sep 2025 01:47 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
शहर के रेलवे स्टेशन पर चारदीवारी ढहने के बाद घटनास्थल का जायजा लेती एडीआरएम व अन्य अधिकारी।
विज्ञापन
रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन पर बुधवार को दोपहर बाद चारदीवारी ढहने से पास में नाला सफाई का काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि आठ लोगों को जिला अस्पताल और रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया। एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा उस समय हुआ, जब चारदीवारी से सटे नाले की सफाई के लिए जेसीबी से सिल्ट हटाई जा रही थी। अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) समेत कई अधिकारियों के साथ गति शक्ति के अफसर भी घटनास्थल पर पहुंचे।
विज्ञापन


रेलवे स्टेशन परिसर में मुख्य प्रवेश द्वार और रेलवे अस्पताल के बीच मुख्य मार्ग की तरफ बनी करीब 50 मीटर चारदीवारी बुधवार को ढह गई। स्टेशन परिसर में चारदीवारी के पास वाहन पार्किंग स्थल तैयार कराया जा रहा है, जिसके लिए करीब डेढ़ महीने से काम चल रहा है। पार्किंग का प्लेटफार्म यानी फर्श तैयार होने के बाद नाले को साफ किया जा रहा था। जेसीबी से सिल्ट हटाने के साथ ही कई मजदूर फावड़े से सिल्ट हटाने के काम में जुटे थे।

अचानक चारदीवारी ढह गई और इसके मलबे में मजदूर दब गए। मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल और सामान्य रूप से चोटिल मजदूरों को रेलवे अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में महाराजगंज के खुदायगंज निवासी मजदूर राम सुमेर (28) को मृत घोषित कर दिया गया। इसी गांव के रहने वाले मजदूर अनूप कुमार (25) को भर्ती कर लिया गया। हादसे में रामधनी, मनीष, रामफेर, अखिलेश, मो. शरीफ, मो. शहीद और मो. इदरीस भी घायल हुए हैं। ये सभी लोग हरचंदपुर क्षेत्र के गंगागंज व आसपास के गांवों में रहने वाले बताए गए हैं।
विज्ञापन


रोका गया काम, जांच के आदेश
घटना के बाद काम रोक दिया गया है। रेलवे ने सुरक्षा घेरा तैयार कर घटनास्थल के पास जाने पर पाबंदी लगा दी है। रेलवे के सहायक मंडल अभियंता एसके पांडेय का कहना है कि यह काम गति शक्ति करा रहा है। फिलहाल काम पर रोक लगा दी गई है। एडीआरएम ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन कराई जाएगी। जांच के आदेश दिए गए हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह का कहना है कि रेलवे स्टेशन परिसर में जेसीबी से काम चल रहा था। काफी मजदूर काम कर रहे थे। इसी बीच चारदीवारी ढहने से हादसा हुआ।

लापरवाही की हद, कोई देखता नहीं
चारदीवारी का ढहना कोई आम बात नहीं, बल्कि लापरवाही है। रेलवे सूत्र बताते हैं कि जिस समय नाले की सफाई का काम कराया जा रहा था, उस समय कोई अभियंता मौजूद नहीं था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। यही नहीं, चारदीवारी की हालत भी अच्छी नहीं थी। कई साल पहले यह बाउंड्रीवाल बनाई गई थी, जिसके निर्माण के समय भी मानकों को दरकिनार किया गया।

अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा का कहना है कि अभी कुुछ कहना ठीक नहीं है। हर पहलू पर छानबीन कराएंगे। जांच पूरी होने पर सही बात सामने आएगी और लापरवाही का पता चलेगा। पीड़ितों की हर संभव मदद का प्रयास होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें