रायबरेली। कानपुर-गाजियाबाद सेक्शन में टूंडला स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य कराने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक नॉन इंटरलॉकिंग भी कराई जानी है। इसके लिए करीब डेढ़ महीने ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। जिससे काफी ट्रेनें निरस्त किए जाने, डायवर्ट करने के कारण प्रभावित रहेंगी। ऊंचाहार एक्सप्रेस को 10 दिन के लिए रद्द किया जाएगा, जबकि नीलांचल एक्सप्रेस के दोनों फेरे एक-एक दिन के लिए निरस्त रहेंगे।
उत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग ने टूंडला स्टेशन पर कराए जाने वाले कार्यों को ट्रैफिक ब्लॉक लिए जाने की वजह बताते हुए उन ट्रेनों की सूची जारी की है, जिन्हें निरस्त किया गया है अथवा डायवर्ट करके चलाया जाएगा। इनमें प्रयाग से चंडीगढ़ जाने वाली गाड़ी संख्या 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस 01 से 10 अक्तूबर तक बंद रहेगी।
चंडीगढ़ से प्रयाग लौटने वाली गाड़ी संख्या 14218 ऊंचाहार एक्सप्रेस को 30 सितंबर से 9 अक्तूबर तक निरस्त किया जाएगा। यह गाड़ी रायबरेली जिले के ऊंचाहार, डलमऊ, लालगंज स्टेशनों से होकर गुजरती है। इसी तरह पुरी से नई दिल्ली को जाने वाली गाड़ी संख्या 12875 नीलांचल एक्सप्रेस 18 अक्तूबर एवं नई दिल्ली से पुरी लौटने वाली गाड़ी संख्या 12876 नीलांचल एक्सप्रेस 20 अक्तूबर को निरस्त रहेगी।
रेल मार्गों पर चल रहे सुधार कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन आए दिन पटरी से उतरता रहता है। रविवार को हावड़ा से अमृतसर जाने वाली गाड़ी संख्या 13005 पंजाब मेल को डायवर्ट किया गया। यह गाड़ी रायबरेली आने के बजाए वाराणसी से सुल्तानपुर होते हुए लखनऊ चली गई। वाराणसी से लखनऊ के बीच फर्राटा भरने वाली गाड़ी संख्या 14203 एवं 14204 इंटरसिटी एक्सप्रेस 6 सितंबर से निरस्त चल रही है।
इसके अलावा जनता मेल, त्रिवेणी एक्सप्रेस, प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस पौन घंटे की देरी से यहां पहुंची, जबकि अन्य गाडिय़ां भी लेटलतीफ रहीं। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि अलग-अलग रेल मार्गों पर सुदृढ़ीकरण का कार्य चल रहा है, जिसके लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिए जाने के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित होता है।