रायबरेली। आखिरकार शहर में खराब पड़ी एलईडी लाइटें ठीक कराने की सुध पालिका के अफसरों को आ गई। जिला प्रशासन के अफसरों की फटकार के बाद पांच टीमों ने लाइटें ठीक कराने का काम शुरू किया। 229 लाइटें खराब पाई गईं। इसमें हल्की गड़बड़ी होने पर 72 लाइटें तत्काल ठीक करा दी गई, जबकि 157 लाइटें में अधिक फाल्ट पाया गया। इन लाइटों के स्थान पर दूसरी एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
अमर उजाला के दो मई के अंक में एलईडी लाइटों के उजियारे में लापरवाही का अंधेरा शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। शहर के 34 वार्डों में ढाई लाख की आबादी रहती है। वर्ष 2018 में इन वार्डों में 10 हजार 793 लाइटें लगवाने और मरम्मत और देखरेख की जिम्मेदारी डबल ईएसल (एनर्जी एफीसीएनसी सर्विस लिमिटेड) को दी गई थी।
मौजूदा समय में 500 एलईडी लाइटें खराब हैं। इससे शाम होते ही वार्डों में अंधेरा छा जाता है। जिला प्रशासन के अफसरों ने खबर को गंभीरता से लिया और पालिका के अधिकारियों को तत्काल खराब लाइटें ठीक कराने की बात कही। पालिका के वरिष्ठ लिपिक आशुतोष सिंह की अगुवाई में तीन और डबल ईएसएल के साइड इंजीनियर अभिषेक सिंह की अगुवाई में दो टीमों ने शहर में लाइटों को ठीक कराने के लिए व्यापक रूप से अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान इंदिरा नगर, नेहरू नगर, फिरोज गांधी नगर, मलिकमऊ कॉलोनी, जवाहर विहार कालोनी, अमरीशपुरी, निराला नगर, सत्य नगर, देवानंदपुर, प्रगतिपुरम, रतापुर, खिन्नीतल्ला, खालीसहाट मोहल्ले में खराब एलईडी लाइटों को ठीक करा दिया गया।
कर निर्धारण अधिकारी ललितेश कुमार सक्सेना ने बताया कि अभियान चलाकर शहर में खराब एलईडी लाइटों को ठीक कराया जा रहा है। डबल ईएसएल के साइड इंजीनियर से कहा गया है कि यदि कहीं पर लाइटों की खराब होने की शिकायत आ रही है तो मौके टीम भेजकर इन्हें दुरुस्त कराया जाए।
नागरिकों की शिकायतों को अनसुना किया तो खैर नहीं
सभासद पुष्पा यादव, सतीश कुमार मिश्रा, जय प्रकाश वर्मा, पंकज साहू, रामखेलावन बारी ने कहा है कि शहर के 34 वार्डों में लगाई गई एलईडी लाइटें गर्मी के सीजन में ज्यादा खराब हो रही हैं। लाइटों के मेंटीनेंस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यही वजह है कि लाइटें जल्दी खराब हो जाती हैं।
पालिका के अधिकारियों को आगाह किया गया है कि यदि कहीं पर लाइटों के खराब होने की जानकारी मिली और नागरिकों की शिकायतों को अनसुना किया गया तो खैर नहीं। इसको लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही जल्द डीएम को ज्ञापन भी दिया जाएगा।