रायबरेली। जिले में छठ पूजा शनिवार को धूमधाम के साथ मनाई गई। सुहागिन महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके बाद पूजा-अर्चना कर व्रत तोड़ा। उनके साथ आए परिवारीजन भी भगवान सूर्य और छठ मइया की पूजा की। सई नदी के राजघाट, शहीद स्मारक, आईटीआई रोड के शारदा नहर आदि स्थानों पर शनिवार तड़के ही पूजा के लिए महिलाएं और उनके परिवारीजन एकत्र होने लगे।
इस दौरान हाली-हाली उठ ये आदिमतल तोहे अरघा दियाब... घटवा के आरी-आरी रोपब केरवा बोवब निबुआ... हथवा में फुलवा डलिया छठ पूजन जाय... जल्दी उग हो सूरजदेव आदि गूंजते रहे। पूजा स्थल पर रोशनी की व्यवस्था नगर पालिका की ओर से कराई गई।
सुहागिन महिलाएं पानी में खड़ी होकर भगवान सूर्य के निकलने का इंतजार करती दिखी। उनके परिवारीजन भी आसमान की ओर टकटकी लगाए देखते रहे। आकाश में सूूर्य की लालिमा छाते ही छठ मइया के जयकारे लगने शुरू हो गए। इसके बाद पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। पूरे उल्लास के साथ भगवान सूर्य की आरती करने के साथ विधि-विधान के साथ पूजा की गई। पूजा स्थलों पर मेला जैसा माहौल रहा।
पूजा के दौरान कैमरों में तो कोई मोबाइल क्लिक करके हर पल को कैद करने में लगा रहा। छठ पूजा में महिलाएं चार दिन तक कठिन व्रत रखती हैं। इस दौरान किसी ने पुत्र प्राप्ति तो कोई सुख समृद्धि की छठ मइया से कामना की। मान्यता है कि छठ पूजा से परिवार की निरोगता, सुख और समृद्धि आती है। इसी के साथ छठ महापर्व का समापन हो गया।
इस मौके पर पालिकाध्यक्ष पूर्णिमा श्रीवास्तव, उनके प्रतिनिधि मुकेश श्रीवास्तव, सीओ सदर डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी, सिटी मजिस्ट्रेट युगराज सिंह, ईओ बालमुकंद मिश्रा, एसडीएम सदर अंशिका दीक्षित, भाजपा नेता अनीता श्रीवास्तव, सभासद पूनम तिवारी मौजूद रहीं।