डीह (रायबरेली)। क्षेत्र के टेकारीदांदू गांव में कोरोना संक्रमित मिली महिला के संपर्क में आई देवरानी भी कोरोना संक्रमित हो गई है। एसजीपीजीआई लखनऊ से गुरुवार को आई रिपोर्ट में महिला संक्रमित मिली है। रिपोर्ट निगेटिव आने पर घर के अन्य लोगों को घर भेज दिया गया है। गांव को पहले से ही सील किया गया है।
डीह ब्लॉक के टेकारीदादू गांव में दिल्ली से 8 जून को महिला अपनी दो बेटियों के साथ आई थी। 13 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद सैंपलिंग की थी। 17 जून को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया था। महिला के पॉजिटिव आने के बाद घर के लोगों को क्वारंटीन में भेज दिया गया था। सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।
गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में पहले से संक्रमित महिला की देवरानी भी कोरोना संक्रमित मिली है। इसके अलावा परिवार के अन्य लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएचसी डीह के अधीक्षक डॉ. तारिक इकबाल का कहना है कि पहले से संक्रमित महिला की देवरानी कोरोना संक्रमित मिली है। उसे रायन स्कूल के अस्पताल में भर्ती कराने के लिए एंबुलेंस उसके घर भेजी गई है।