गदागंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात कच्ची दीवार ढहने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि मासूम समेत तीन लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतका अपने मायके आई थी। बताया जाता है कि बारिश के कारण पड़ोसी के घर की दीवार में सीलन आ गई थी जिसकी वजह से वह ढह गई और यह हादसा हो गया। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल रहा।
गदागंज थाना क्षेत्र के नारायनपुर बन्ना निवासी सुखलाल के घर की कच्ची दीवार रात में ढाई बजे गिर गई। इसके मलबे में पड़ोसी रामसजीवन की बेटी पूनम (22), उसकी चार माह की बेटी अनन्या, बहन बबली (15) और भतीजी जूली (4) पुत्री संजय दब गईं।
ये सभी घर के दरवाजे सो रहे थे। चीखपुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े। मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और सीएचसी डलमऊ लेकर गए।
रास्ते में पूनम की मौत हो गई। मासूम अनन्या को कम चोटें आई है। जूली और बबली की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर नायब तहसीलदार आशुतोष गुप्ता मौके पर पहुंचे।
एसओ आरके शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण दीवार में सीलन आ गई थी जिसके कारण वह ढह गई। मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई।