डीह (रायबरेली)। सऊदी अरब में बेटे को पुलिस के पकड़े जाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने मां से 50 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
डीह थाना क्षेत्र के पूरे मदे खां मजरे टेकारी सहन की रहने वाली नसीमा के मुताबिक उनका बेटा जाहिद खां सऊदी अरब में कमाने गया है। बुधवार को मोबाइल पर फोन आया कि सऊदी अरब में बेटे का पासपोर्ट व बीजा रद्द कर दिया गया है। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया है। खाते में एक लाख रुपये भेज दो।
महिला के मुताबिक वह ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरुण सिंह के घर जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बेटे को प्रधान प्रतिनिधि ने फोन मिलाया, लेकिन बात नहीं हो सकी। बेटे को छोड़वाने के लिए मां ने साइबर अपराधियों के बताए बैंक खाते में 50 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद और रुपये की मांग की।
प्रधान प्रतिनिधि का बेटा भी सऊदी अरब में है। इस पर प्रधान प्रतिनिधि ने जब अपने बेटे को फोन मिलाकर जानकारी ली तो पता चला कि जाहिद पुलिस की पकड़ में नहीं है। इससे उन्हें ठगी होने की जानकारी हुई और दोबारा अपराधियों को बताए खाते में पैसा नहीं भेजा। थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि खाता सीज करा दिया गया है। घटना की जांच कराई जा रही है।