शिवगढ़। सीएचसी में बुधवार रात इलाज के लिए लाई गई महिला को ट्रेनी फार्मासिस्ट ने इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का गुस्सा देखकर फार्मासिस्ट अस्पताल से भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नगर पंचायत शिवगढ़ के पूरे टिकैत की रहने वाली राम प्यारी (55) को बुधवार देर शाम हालत बिगड़ने पर सीएचसी लाया गया। ड्यूटी पर तैनात ट्रेनी फार्मासिस्ट ने महिला को इंजेक्शन लगा दिया। इसके कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। अधीक्षक डॉ. प्रेम शरण ने बताया कि महिला का रक्तचाप बढ़ा हुआ था, जिसके लिए इंजेक्शन दिया गया था। उन्होंने आशंका जताई कि महिला की मौत कार्डियो अरेस्ट से हुई होगी। शिवगढ़ के एसओ राजीव सिंह ने कहा कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।