हरचंदपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव के पास ट्रेन हादसे में महिला की मौत के बाद जांच करती पु
हरचंदपुर। गांव प्यारेपुर के पास बुधवार को सुबह दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। वह चार दिन पहले ही मायके आई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। मृतका की पहचान शांति बहेलिया पत्नी श्रीदेव के रूप में हुई है, जो जिले के ही खीरों की रहने वाली थी। उसका मायका प्यारेपुर गांव है।
चार दिन पहले ही वह अपने मायके प्यारेपुर गांव आई थी। घटना की सूचना पर हरचंदपुर थाने की पुलिस के साथ ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) टीम भी पहुंच गई। पुलिस की जांच में ट्रेन के लोको पायलट ने बताया कि महिला अचानक ट्रेन के सामने आकर रेलवे ट्रैक पर लेट गई, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पिता रामबरन भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के तीन बच्चे प्रांसी (12), दिव्यांशी (10) और सूर्या (8) हैं। जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि घटना के बाद रेलवे ट्रैक को क्लियर करा दिया गया, जिससे ट्रेनों के आवागमन पर कोई असर नहीं पड़ा। हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक मोहिनी को सौंपी गई है।