जगतपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और बेटा घायल हो गया। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ऊंचाहार थाना क्षेत्र के बटउवापुर गांव की रहने वाली नीशा (28) अपनी पति महेश और दो वर्षीय पुत्र सोनू को लेकर अपनी रिश्तेदारी भदोखर थाना क्षेत्र के महेरी गांव गई थी। दोपहर बाद तीनों बाइक से घर जा रहे थे। जगतपुर कस्बे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे तीनों घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। आसपास के लोगों ने वाहन का पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं पाए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने निशा को मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। एसओ बीएन शुक्ला ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।