ऊंचाहार। कोतवाली क्षेत्र के निबावर अड्डा गांव में एक महिला को मजदूरी का पैसा मांगना महंगा पड़ गया। दबंगों ने उसकी लाठी-डंडे से पिटाई कर दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
निबावर अड्डा गांव निवासी जोगेलाल शटरिंग का काम करता है। कुछ माह पूर्व उसने गांव के ही एक व्यक्ति के घर पर छत डालने के लिए शटरिंग लगाई थी जिसका 60 हजार रुपये उधार था। रविवार को उसकी पत्नी फूलमती पैसा मांगने के लिए उसके घर गई थी। इससे नाराज होकर दबंगों ने उसकी लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी होने पर घर वालों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अमरेंद्र, गुड्डे व पुत्ती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। (संवाद)