रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे शनिवार को घोषित हुए तो दो छात्राओं ने जिले का नाम रोशन कर दिया। हाईस्कूल में प्रदेश स्तर पर न्यू आदर्श शिक्षा निकेतन की छात्रा आस्था श्रीवास्तव ने सातवां और वीणा पाणि इंटर कॉलेज की छात्रा वैशाली शर्मा ने दसवां स्थान बनाकर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
जिला स्तर पर टॉप-10 की वरीयता सूची में बालिकाएं ज्यादा रहीं। हाईस्कूल में 14 और इंटर में 11 बच्चों ने टॉप-10 में जगह बनाई है। इनमें हाईस्कूल में 11 और इंटर में पांच बालिकाएं शामिल हैं।
यूपी की वरीयता सूची में सातवीं और दसवीं पोजीशन बनाने वाली दोनों छात्राओं के स्कूलों में जश्न का माहौल रहा। स्कूल के अन्य मेधावियों के साथ यूपी की मेरिट में स्थान बनाने वाली छात्राओं ने ढोल-नगाड़े के साथ डांस किया। माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया गया। मिठाई खाने और खिलाने का दौर चला।
जनपद की वरीयता सूची में न्यू आदर्श शिक्षा निकेतन, वीणा पाणि इंटर कॉलेज के अलावा न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सलेथू, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज लालगंज, बरातीलाल गंगाराम विद्या मंदिर लालगंज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ऊर्जा विहार ऊंचाहार, सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज लखनापुर सरेनी के कई छात्र-छात्राओं ने भी जगह बनाई है।