बिजली कनेक्शन की सुविधा नहीं होने के कारण एकता विहार कॉलोनी में छाई वीरानी अब शीघ्र ही दूर होने की संभावना है।
करोड़ों से बनी इस कॉलोनी में आरडीए ने सड़क, पेयजल, सीवर, सामुदायिक केंद्र समेत अन्य सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं दीं, पर बिजली संकट की वजह से कॉलोनी में रौनक नहीं आ रही है।
पाई-पाई जोड़ कर फ्लैट और प्लॉट खरीदने के बाद भी लोग कॉलोनी में जाना नहीं पसंद करते थे। पावर कॉर्पोरेशन 1.30 करोड़ का विद्युत उपकेंद्र बनाने जा रहा है।
उम्मीद है कि बिजली घर के बनने के बाद कॉलोनी रोशन होगी तो यहां का वीरानापन दूर हो जाएगा और लोग कॉलोनी में रहना शुरू कर देंगे।
विकास प्राधिकरण ने रतापुर के पास एकता विहार कॉलोनी विकसित की है। इसमें 144 फ्लैट बनाए गए हैं। वहीं करीब 50 प्लॉट हैं। वर्ष 2014 में निर्माण और आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
सड़क, पेयजल, सीवर ही नहीं आरडीए ने खरीदारों को आकर्षित करने के लिए सामुदायिक केंद्र तक सुविधा मुहैया कराई। इसके बावजूद कॉलोनी में आबादी नहीं बसाई जा सकी। इसकी वजह बिजली समस्या है।
विद्युत समस्या होने के चलते लोगों को बिजली के कनेक्शन नहीं मिल सके। वहीं तमाम प्लॉटों का निर्माण भी इसी वजह से नहीं हो पा रहा है।
कॉलोनी में प्लॉट और फ्लैट खरीदने वाले लोगों की यह समस्या अब दूर हो जाएगी। पावर कॉर्पोरेशन यहां करीब 1.30 करोड़ से नया बिजली घर बनाने जा रहा है।
इस उपकेंद्र के बनने के बाद बिजली का संकट नहीं रहेगा। लोगों को कॉलोनी के उपकेंद्र से आसानी से बिजली मिल सकेगी।
एसडीओ टाउन पीके सिंह का कहना है कि एकता विहार कॉलोनी में 1.30 करोड़ से नया बिजली घर बनाया जाना है। इसका इस्टीमेट बनाकर आरडीए को भेजा गया है। इसके बनने से कॉलोनी में बिजली समस्या दूर हो जाएगी।