एडीएम प्रशासन एससी चौधरी ने सोमवार को बचत भवन में बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में केंद्रों पर नकल नहीं होनी चाहिए। नकल कराने वालों पर एफआईआर की जाएगी।
नकल न रोक पाने वाले केंद्रों को डिबार कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कक्ष निरीक्षकों के पास किसी भी दशा में परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए।
यदि मोबाइल मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। नकल कराने में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा में लगाए गए जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट निरंतर भ्रमण करेंगे।
परीक्षा केंद्र में कोई भी परीक्षार्थी मोबाइल, कलकुलेटर अथवा कोई भी इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ प्रवेश नहीं करेगा। कक्ष निरीक्षकों को भी परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
केंद्रों के गेट पर परीक्षार्थियों की गहन तलाशी ली जाएगी। डीआईओएस डॉ. विनय मोहन ने बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी।
निशक्त एवं दृष्टि बाधित परीक्षार्थियों को निर्धारित अवधि के अतिरिक्त 20 मिनट प्रति घंटे के हिसाब से अतिरिक्त समय दिया जाएगा। 159 केंद्रों पर हाईस्कूल में 50,684 एवं इंटरमीडिएट में 36,596 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बैठक में एएसपी राममूरत यादव, बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी के अलावा सभी एसडीएम व केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बोर्ड परीक्षा को लेकर कंट्रोल रूम खोल दिया गया है।
टेलीफोन नंबर 0535-2210409 पर नकल होने के संबंध में शिकायत की जा सकती है। अन्य शिकायतें भी दर्ज कराई जा सकेंगी।