हरचंदपुर थाना परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर अधिकारियों को अपनी समस्याएं बत
रायबरेली। थानों और कोतवाली परिसर में शनिवार समाधान दिवस हुआ। इसमें अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं। किसी की समस्या निपटी, तो कोई मायूस लौटा। लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए टीमें गठित की गईं। ज्यादातर शिकायतों राजस्व से संबंधित रहीं।
लालगंज में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने लोगों की शिकायत सुनीं। जगतपुर रामगढ़ी गांव निवासी विजय यादव ने चकरोड और नाली पर कब्जा की शिकायत की। शिक्षक कृष्ण कुमार ने अपने बड़े बेटे, बहू और नाती पर गाली-गलौज करने और जबरन पेंशन की मांग करने का आरोप लगाया। सरेनी में नायब तहसीलदार ऋतुराज ने 14 लोगों की शिकायतें सुनीं। इसमें दो शिकायतों का निस्तारण हुआ।
गदागंज में नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने 10 शिकायतें सुनीं। दो का मौके पर निस्तारण किया। पूरे सूबेदार मजरे धूता निवासी संजू यादव ने खेत पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। निस्तारण के लिए टीम गठित की गई। इसी तरह खीरों, सतांव, डलमऊ कोतवाली परिसर में आयोजित समाधान दिवस में अधिकारियों ने लोगों की फरियाद सुनी।