रायबरेली-रोहनियां। ऊंचाहार क्षेत्र में ताऊ ने भतीजी पर चाकू से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। भतीजी ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर वार किए जाने का आरोप लगाया है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी कक्षा-नौ की छात्रा है। उनके पिता मुंबई में काम करते हैं। बृहस्पतिवार को वह खाना खाकर घर में बैठी थी। उनके भाई बाजार गए थे, जबकि मां व छोटी बहन पड़ोसी के घर गई थी। आरोप है कि तभी उसका ताऊ वहां आया और छेड़छाड़ करने लगा। किशोरी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने चाकू से वार कर दिया। चाकू उसके दोनों हाथों की अंगुलियों, दाहिने पैर के घुटने व जांघ में लगा। वह जमीन पर गिर पड़ी। उनके शोर मचाने पर बहन व मां के साथ पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी भाग निकला। घर वालों ने किशोरी को गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद, उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी से घटना की जानकारी ली।
कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
चौकी इंचार्ज पर गुमराह करने का आरोप
मामले में चौकी इंचार्ज की भूमिका संदिग्ध रही है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक डायल 112 के सिपाहियों ने मौके से चाकू बरामद कर चौकी इंचार्ज को मोबाइल पर सूचना दी, लेकिन चौकी इंचार्ज ने उल्टे सिपाहियों को ही फटकार लगा दी। कहा कि तुम्हें बरामदगी करने का अधिकार किसने दे दिया। मारपीट डंडे से हुई है चाकू से नहीं। उन्होंने अधिकारियों को भी गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सीओ व कोतवाल ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कराकर आरोपी को जेल भेज दिया।