फुटवियर डिजाइनिंग डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) फुरसतगंज के छात्र-छात्राओं ने एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में सोमवार देर शाम व मंगलवार को इंस्टीट्यूट परिसर में हंगामा किया।
इस दौरान सहायक प्रबंधक के साथ नोकझोंक भी की। छात्र-छात्राओं का कहना है कि फर्जी डिग्री दी जा रही है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवाज उठाने पर एफआईआर लिखी जा रही है।
यही नहीं दीवारों पर तरह-तरह से स्लोगन भी लिखकर छात्र-छात्राओं ने गुस्से का इजहार किया। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। मौजूदा समय में एफडीडीआई में करीब 500 सौ छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
फर्जी डिग्री दिए जाने का विरोध करते हुए रविवार रात छात्रों ने हॉस्टल के साथ ही वाहनों में तोड़फोड़ की थी। साथ ही एफडीडीआई के सहायक प्रबंधक घनश्याम सिंह व कर्मी जितेंद्र लोधी के साथ मारपीट की थी।
इस मामले में 28 छात्रों और उनके सहयोगियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट लिखे जाने से खफा छात्र-छात्राओं ने सोमवार शाम व मंगलवार को हंगामा किया।
सहायक प्रबंधक ने पहुंचकर शांत कराने का प्रयास किया तो छात्र-छात्राओं ने उनके साथ नोकझोंक की। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर मामले को शांत कराया। एसओ एपी तिवारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
हंगामा करने वाले छात्र-छात्राओं को शांत करा दिया गया। उधर, मंगलवार को एफडीडीआई में सन्नाटा पसरा रहा। एफडीडीआई के अधिकारी भी इस बाबत कुछ बोल नहीं रहे हैं।