फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: बारिश से हर तरफ जलभराव, जेल रोड धंसी

Fri, 07 Aug 2026 01:41 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
एकता विहार कॉलोनी स्थित रतापुर रोड पर जलभराव से होकर निकलते वाहन। 
विज्ञापन
रायबरेली। जिले में बृहस्पतिवार को करीब सात घंटे हुई बारिश आफत बन गई। शहर हो या गांव हर तरफ पानी भर गया। शहर में लोगों का घर से निकलना दुश्वार हो गया। कई घरों में भी पानी घुस गया, जिससे लोग परेशान रहे। दो माह पहले मरम्मत कराई गई जेल रोड धंस गई। इससे लोगों को आवागमन में मुश्किल हुई।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार भोर करीब चार बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और बारिश शुरू हो गई। सुबह 11 बजे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। बजरंग नगर, गल्ला मंडी गेट, आजाद नगर, डबल फाटक स्थित ओवरब्रिज, एकता विहार कॉलोनी स्थित रतापुर रोड, नवीन गल्ला मंडी परिसर, मालखाना मार्केट, राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में मुश्किल हुई।

शिवाजी नगर, कांशीराम कॉलोनी, चकअहमदपुर, विकास नगर, सत्य नगर, कहारों का अड्डा, बड़़ा घोसियाना, कल्लू का पुरवा, सूरजपुर, तेलियाकोट समेत अन्य मोहल्लों में जलभराव होने से पानी लोगों के घरों तक घुस गया। नया पुरवा के मो. अशफाक, अर्जुन प्रसाद ने बताया कि पानी किसी तरह घरों से बाहर निकाला गया। शिकायत के बाद भी पालिका की टीम पानी निकासी के लिए मौके पर नहीं आई।
विज्ञापन


नगर पालिका कार्यालय के नीचे सुपर मार्केट में इस कदर जलभराव रहा कि लोगों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ीं। जेल रोड का मरम्मत कार्य दो माह पहले कराया गया था। इस पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। बारिश में मोतीलाल नेहरू स्टेडियम के पास सड़क धंस गई। गड्ढा होने से मरम्मत कार्य के मानकों की पोल खुल गई। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता राजेश यादव ने बताया कि पहले सीवर लाइन डाली गई थी। इस वजह से सड़क धंसी है। सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।

नगर पालिका के ईओ स्वर्ण सिंह ने बताया कि जहां जलभराव की सूचना मिली, वहां पर टीम भेजकर पानी निकासी के इंतजाम कराए गए। शहर के अलावा जगतपुर, ऊंचाहार, महराजगंज, खीरों समेत अन्य क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।


किसानों के चेहरों पर आई मुस्कान
बारिश से किसानों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। वजह, बिना पानी के धान की फसल सूख रही थी। इससे किसानों को धान की फसल को बचाना मुश्किल हो रहा था। इस बार एक लाख 61 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की रोपाई की गई है। जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि धान की फसल के लिए बारिश फायदेमंद है। इससे धान की फसल अच्छी होगी। आगे भी बारिश होने का अनुमान है।


14 मिलीमीटर हुई बारिश
बृहस्पतिवार को शहर में सबसे अधिक बारिश हुई। 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह के अनुसार, जिस तरह अगस्त में बारिश का सिलसिला चल रहा है, इससे उम्मीद है कि औसत बारिश इस माह होगी। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मुताबिक मानसून सक्रिय है। बारिश की संभावना बनी हुई है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री रहा।

एकता विहार कॉलोनी स्थित रतापुर रोड पर जलभराव से होकर निकलते वाहन। 

एकता विहार कॉलोनी स्थित रतापुर रोड पर जलभराव से होकर निकलते वाहन। 

एकता विहार कॉलोनी स्थित रतापुर रोड पर जलभराव से होकर निकलते वाहन। 

एकता विहार कॉलोनी स्थित रतापुर रोड पर जलभराव से होकर निकलते वाहन। 

एकता विहार कॉलोनी स्थित रतापुर रोड पर जलभराव से होकर निकलते वाहन। 

एकता विहार कॉलोनी स्थित रतापुर रोड पर जलभराव से होकर निकलते वाहन। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें