एनटीपीसी में टूटा वैगन ट्रिपलर का गियर बाक्स।
रायबरेली। एनटीपीसी परियोजना ऊंचाहार में कोयला उतारने के लिए लगे ट्रिपलर में आई खराबी के कारण एक वैगन छूटकर ट्रैक पर गिर गया। आसपास काम कर रहे करीब 15 मजदूर बच गए।
यह घटना बुधवार को तड़के उस समय हुई, जब ट्रिपलर नंबर एक से मालगाड़ी का कोयला उतारा जा रहा था। एक वैगन को ट्रिपलर से उठाया गया, तभी ट्रिपलर के गियर बॉक्स में उपकरण टूटने से हादसा हो गया। घटना से एक ट्रिपलर का काम बाधित हो गया। बाकी तीन ट्रिपलर से कोयला उतारने का काम कराया जा रहा है।
कोयला आधारित एनटीपीसी परियोजना में विद्युत उत्पादन के लिए छह यूनिटें संचालित हैं, जिनसे 1550 मेगावाट बिजली उत्पादन होता है। यूनिटों को चलाने के लिए झारखंड से प्रतिदिन औसतन चार-पांच मालगाड़ी कोयला आता है। मालगाड़ियों से कोयला उतारने के लिए परियोजना परिसर में चार वैगन ट्रिपलर लगे हुए हैं, जो मालगाड़ी के एक-एक वैगन को उठाती हैं।
बुधवार को तड़के मालगाड़ी से कोयला उतारने का काम चल रहा था, तभी ट्रिपलर से एक वैगन उठाया गया। ट्रिपलर से वैगन छूटकर नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गया। वैगन के गिरने से सभी मजदूर भागे। जिस ट्रिपलर में दिक्कत आई है, उस पर काम बाधित हो गया है। तीन ट्रिपलर से कोयला उतारा जा रहा है। हालांकि, इनमें दो ट्रिपलर अक्सर खराब रहते हैं।
एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी ऋषभ शर्मा का कहना है कि एक नंबर ट्रिपलर (मशीन) में खराबी आई है, जिससे थोड़ी दिक्कत हुई। कोयला उतारने का काम प्रभावित नहीं है। तीन ट्रिपलरों से कोयला उतारा जा रहा है।