लालगंज में बुधवार को सुबह 11 बजे डिरेल हुआ डीएमटी मालगाड़ी का वैगन।
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। लालगंज रेलवे स्टेशन पर बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे मालगाड़ी के चलते ही वैगन डिरेल हो जाने से हड़कंप मच गया। अधिकारियों-कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए। इसकी सूचना यातायात विभाग के उच्च अधिकारियों को दी गई। स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह पूरा दिन फोन उठाने से परहेज करते रहे।
यह मालगाड़ी जिसे डीएमटी (डिवीजनल मटेरियल ट्रेन ) तकिया से गिट्टी लादकर बुधवार सुबह तीन बजे लालगंज स्टेशन पर आई थी। दिन में 11 बजे इसे लालगंज से डलमऊ के लिए लाइन नंबर पांच पर चलाया गया। गाड़ी जैसे ही चली। इंजन और गार्ड के डिब्बे के बाद तीसरा वैगन पटरी से उतर गया। मालगाड़ी को ड्राइवर अरविंद कुमार मल्ल चला रहे थे।
सहायक पवन कुमार उनके साथ था। गाड़ी पर गार्ड भीम प्रकाश भी मौजूद थे। पटरी से वैगन उतरने पर तेज आवाज के साथ खड़खड़ाहट होने और तेज झटका लगने पर ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी। सूत्रों की माने तो पटरी धंसने के कारण यह गाड़ी डिरेल हुई है। अधिकारी मौके पर हैं। टीआई, सेक्शन टीआई सभी रेस्टोरेशन के काम में लगे हुए हैं।
गाड़ी क्यों डिरेल हुई। किसका फाल्ट है। यह सब जांच का विषय है। सेक्शन टीआई अनिल श्रीवास्तव से ने भी जानकारी देने से पल्ला झाड़ते हुए बताया कि हम इसके लिए अधिकृत नहीं हैं। देर शाम को स्टेशन पर क्रेन पहुंच गई थी। यातायात विभाग के कई अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग के एईएन सहित अन्य लोग मौके पर रेस्टोरेशन के काम में लगे हैं। सूत्रों की माने तो गाड़ी को रात में उठाकर रेल पर रख दिया जाएगा।