हरचंदपुर (रायबरेली)। थाने में अनुसूचित जाति के बालक के बाल उखाड़ने और पिटाई करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। कहा जा रहा है कि चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस कर्मियों ने बालक की जमकर धुनाई की। यही नहीं मनमानी की हदें पार करते हुए पुलिस कर्मियों ने परिवारीजनों तक को भी धमकाया। मामले की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने प्रकरण की जांच सीओ महराजगंज को सौंपी है।
हरचंदपुर के पूरे मेदनिलाल मजरे कंडोरा गांव के अनुज कुमार (10) का आरोप है कि एक सप्ताह पहले थाना परिसर में चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिसकर्मियों ने उसकी जमकर पिटाई की। लात-घूसों से पिटाई के बाद उसके बाल भी उखाड़ दिए गए।
नाबालिग बालक की आपबीती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लिया। उनके आदेश पर सीओ महाराजगंज राम किशोर सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ रामकिशोर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही वास्तविकता की जानकारी हो सकेगी। पुलिस कर्मियों की लापरवाही पाई गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।