बंदूक लेकर खिंचाई गई फोटो हुई वायरल।
- फोटो : RAIBARAILY
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के कुड़वल गांव के चार युवकों को दूसरे की लाइसेंसी बंदूक लेकर तस्वीर खिंचाना महंगा पड़ गया। युवकों ने गांव के ही रामशंकर वर्मा की लाइसेंसी बंदूक को लेकर फोटो खिंचाई और अपने-अपने स्टेटस पर डाल दिया।
किसी साथी ने सभी युवकों के फोटो निकालकर उन्हें सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। बंदूक के साथ वायरल हुई इन तस्वीरों से पुलिस प्रशासन हरकत में आया। उच्चाधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह गांव के चार युवकों को थाने ले आए। गांव निवासी सज्जन, सुनील यादव, सतीश द्विवेदी, देशराज लोधी से पूछताछ की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कुंडवल गांव निवासी रामशंकर वर्मा 17 मार्च को बंदूक जमा करने कोतवाली आ रहे थे, तभी गांव के ही किनारे एक दुकान के निकट युवकों ने उन्हें रोककर शौकिया तौर पर बंदूक के साथ अपनी फोटो खिंचाई।
उन्हीं में से किसी युवक ने तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल कर दीं। आरोपियों को कोतवाली लाकर पूछताछ की जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी।