बदहाल सड़क के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
रायबरेली। लक्ष्मणपुर से लल्ली की चक्की संपर्क मार्ग खस्ताहाल है। रोड से डामर गायब हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। रविवार को कुमेदान गंज प्राथमिक विद्यालय के पास ग्रामीण एकत्र हुए और अधिकारियों पर अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीण छत्रपाल यादव, देवनाथ, पुष्पेंद्र सिंह, जगदीश कुरील, शानू, राघवेंद्र सिंह, अंबुज सिंह, अनिल यादव, आशा पाल, हरीश यादव व अंकुर यादव का कहना है कि इस रोड से मनिहार शर्की, मखदुमपुर, धुता, सुदामापुर, खजूरी, कटरा, छीछेमऊ, चिचोली, धोबहा, पूरे शुकुलन, तिवारी पुर समेत 15 गांव के लोग इसी मार्ग से आते जाते हैं।
सड़क खराब होने से वाहन करीब 18 किलोमीटर घूमकर जमुनापुर, चड़रई वाया जगतपुर आते-जाते हैं। जिला पंचायत सदस्य राकेश सिंह राना ने बताया कि जल्द रोड की मरम्मत न कराई गई तो जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन नूरआलम का कहना है सड़क की मरम्मत कराने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।