रायबरेली में बुधवार को सलोन तहसील क्षेत्र के तरकोल मजरे बघौला गांव में सई नदी उफनाने के बाद इस तरह नाव से आते जाते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
सलोन तहसील क्षेत्र के तरकोल मजरे बघौला गांव अभी भी सई नदी से घिरा हुआ है। इससे लोगों को आने जाने में नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। गंगा का जलस्तर स्थिर हो गया है। इससे कटरी क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
सलोन तहसील क्षेत्र के तरकोल मजरे बघौला गांव अभी भी सई नदी से घिरा हुआ है। बुधवार को एसडीएम मोतीलाल यादव और विधायक आशा किशोर ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। एसडीएम का कहना है कि नाव की व्यवस्था करा दी गई है।
बाढ़ पर नजर रखी जा रही है। जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र यादव ने भी गांव का दौरा किया। ग्राम प्रधान हरिमोहन और ग्रामीण मेवालाल, विनोद कुमार, हरीराम का कहना है कि बारिश यदि और होती है तो पानी घरों में घुस जाएगा।
वहीं गंगा का जलस्तर बुधवार को चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर के सापेक्ष 98.100 मीटर पर स्थिर हो गया। इससे कटरी क्षेत्र के अंबहा, जमालपुर मोहिद्दीनपुर आदि गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीण अरविंद सिंह, श्यामलाल यादव, अर्जुन प्रसाद का कहना है कि जलस्तर स्थिर जरूर है, लेकिन मिट्टी कटान हो रही है। हालांकि यदि बारिश होती है तो जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।