रायबरेली। डीह ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल कुंजल मजरे रोखा में बिना मिट्टी की भराई कराए ही 73,260 रुपये डकारने के मामले में ग्राम विकास अधिकारी मंजुल मयंक को गुरुवार को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करके वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों को सीज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
10 दिन पहले डीह ब्लॉक आए ग्राम्य विकास मंत्री के सामने प्राथमिक स्कूल पूरे कुंजल का मामला उठाया गया था। मंत्री ने डीएम को जांच कराकर कार्रवाई के आदेश दिए थे। डीपीआरओ उपेंद्रराज सिंह ने जांच में पाया गया कि स्कूल में बिना मिट्टी की भराई कराए ही प्रधान और सचिव ने 73,260 रुपये डकार लिए। जांच में मामले की पुष्टि होने के बाद ग्राम विकास अधिकारी मंजुल मयंक को गुरुवार को प्रभारी डीडीओ प्रेमचंद्र पटेल ने निलंबित कर दिया।
मामले में प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों को सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीडीओ का कहना है कि ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित करके छतोह ब्लॉक से संबद्ध कर दिया गया है।