रायबरेली। क्षेत्र के पूरे त्रिलोक सिंह मजरे केवलपुर बरेथा गांव में मंगलवार सुबह नाले में 17 वर्षीय लापता किशोर का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। किशोर के चेहरे पर चोट के निशान व सूजन थी।
घटनास्थल के पास खून के धब्बे और घसीटने के निशान भी मिले हैं। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के शुक्ल राम का पुरवा रेवली निवासी प्रिंस काफी समय से जगतपुर के पूरे त्रिलोक सिंह गांव में अपने नाना फूलचंद के घर रहता था। वह नाना के साथ लक्ष्मणपुर बाजार स्थित होटल में काम करता था। सोमवार को वह पड़ोस के मोती के पुरवा गांव में रामबालक के यहां आयोजित मुंडन संस्कार में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा।
नाना के मुताबिक, काफी तलाश करने के बावजूद उसका पता नहीं चला। मंगलवार सुबह गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास नाले में प्रिंस का शव पड़ा मिला। जानकारी होते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गांव जाने वाले रास्ते पर इंटरलॉकिंग के किनारे उसकी चप्पलें पड़ी थीं, जबकि कुछ दूरी पर मोबाइल फोन मिला। चेहरे पर चोट व सूजन देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पहले लक्ष्मणपुर ब्लॉक के पास प्रिंस का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। युवकों ने उसे जानमाल की धमकी भी दी थी। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने बताया कि किशोर की हत्या हुई है या मौत की कोई दूसरी वजह है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।