रायबरेली। ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। अभी तक वंदेभारत एक्सप्रेस पर आए दिन पत्थर फेंके जाते रहे हैं। अब राजधानी एक्सप्रेस भी निशाने पर आ गई है। हाल में अमेठी जिले में पथराव हुआ, जिससे रायबरेली में आरपीएफ ने सतर्कता बढ़ा दी है। छानबीन में भी सहयोग कर रही है, ताकि पत्थर फेंकने वाले को पकड़ा जा सके।
मार्च 2024 से वंदेभारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ, तभी से ट्रेन पर पथराव की घटनाएं आम होने लगी हैं। वंदेभारत चलने के कुछ दिन बाद ही इस ट्रेन पर बछरावां क्षेत्र में एक के बाद एक तीन घटनाएं घटीं, जिनमें सिर्फ एक घटना का खुलासा हुआ। बाकी घटनाएं अब तक अनसुलझी हैं। इसके बाद ऊंचाहार क्षेत्र में पथराव की घटनाएं होने लगीं, जिनमें से एक घटना में खुलासा हुआ।
बीते महीने 13 मई को ऊंचाहार और लक्ष्मणपुर स्टेशनों के बीच सवैया धनी के पास और फिर 5 जून को प्रतापगढ़ के कुंडा के निकट पत्थर फेंके गए, जिनका अब तक खुलासा नहीं हुआ। शहर के रेलवे स्टेशन के आसपास घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा प्रयागराज और लखनऊ जिले की सीमाओं में भी घटनाएं घटीं, लेकिन आरपीएफ को अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस पर बीते सात जून को रात 8:40 बजे किसी ने पत्थर फेंका, जिससे एसी कोच बी-10 का शीशा टूट गया। यह घटना अमेठी जिले के जायस सिटी रेलवे स्टेशन के पास हुई। आरपीएफ रायबरेली के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि मामले में गौरीगंज आरपीएफ ने अज्ञात में केस दर्ज किया है। गौरीगंज आरपीएफ जांच कर रही है।
रायबरेली आरपीएफ भी छानबीन में जुटी है, ताकि जल्द से जल्द पत्थर फेंकने वाले को दबोचा जा सके। आरपीएफ जवान इधर से गुजरने वाली ट्रेनों पर नजर रखे हुए हैं। वंदेभारत में हुई घटनाओं में जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पत्थर फेंकने वालों की पहचान कराई जा रही है।
वंदेभारत की बढ़ाई गई सुरक्षा
रायबरेली। गोरखपुर और प्रयागराज के बीच दौड़ने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस में रविवार से कोच बढ़ गए हैं तो सुरक्षा व्यवस्था में भी इजाफा किया गया है। यह ट्रेन इस जिले में सिर्फ रायबरेली स्टेशन पर रुकती है, फिर भी जिले के सभी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन के गुजरने के दौरान सुरक्षाकर्मी लगा दिए जाते हैं।
ट्रेन में चलने वाले स्कॉर्ट में शामिल आरपीएफ जवान भी गाड़ी में लगातार भ्रमण करते रहते हैं, ताकि घटनाओं पर नजर रखी जा सके। सोमवार को वंदेभारत रायबरेली स्टेशन पहुंची तो ट्रेन के रुकते ही स्कॉर्ट ड्यूटी में लगे आरपीएफ जवानों ने सुरक्षा घेरा बना दिया। रायबरेली स्टेशन पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने भी निगरानी की। आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि पहले वंदेभारत में आठ कोच लगते थे। अब 16 कोच लग रहे हैं। इसीलिए सुरक्षा बढ़ाई गई है।