विश्व हिंदू परिषद की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे चाइनीज वस्तुओं के विरोध में शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने चाइनीज वस्तुओं को जलाकर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सभी लोगों से चाइनीज उत्पादों का बहिष्कार करने का आह्वान किया। विभाग अध्यक्ष हरिश्चंद्र शर्मा और जिलाध्यक्ष रामप्रकाश तिवारी ने कहा कि चाइनीज वस्तुओं का प्रयोग करना चीनी आतंकवाद को समर्थन देना है, जो राष्ट्रहित में नहीं है। उन्होंने कहा कि पाक और चीन आपस में मित्र हैं। दोनों देश हमारे राष्ट्र की अर्थ व्यवस्था से लेकर सुरक्षा तक अस्त-व्यस्त कर देना चाहते हैं। इसलिए हम सभी को एकजुट होकर चाइनीज वस्तुओं का बहिष्कार करना चाहिए।
जिला मंत्री दिनेश सिंह लोधी एवं बजरंग दल संयोजक रामशंकर त्रिपाठी ने कहा कि चाइनीज वस्तुओं का प्रयोग राष्ट्रद्रोह है। हम सभी को राष्ट्रहित में सजग होना अति आवश्यक है। हमारी सेना उनको मुंहतोड़ जवाब दे रही है तो हमें भी चाइनीज वस्तुओं का उपयोग बंद कर अपने सैनिकों को भीतर से मजबूती प्रदान करना हमारा कर्तव्य है। इस मौके पर पवन श्रीवास्तव, महेश गुप्ता, हरिवंश सिंह, वीना गुप्ता ने चाइीज वस्तुओं के उपयोग व उपभोग की खिलाफत की और चाइनीज वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई।