रायबरेली। गोरखपुर और प्रयागराज के बीच हफ्ते में छह दिन (शनिवार को छोड़कर) दौड़ने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस का दो मिनट ठहराव प्रयाग स्टेशन पर बृहस्पतिवार को शुरू कर दिया गया है।
यह व्यवस्था माघ मेला के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। यह ट्रेन रायबरेली और प्रयागराज के बीच नान स्टॉप दौड़ती थी, लेकिन 1 जनवरी से 20 फरवरी तक प्रयाग में दो मिनट रुकेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि वंदेभारत समेत अन्य रूटों की कई गाड़ियों का ठहराव प्रयाग में अस्थायी तौर पर किया गया है। यह व्यवस्था माघ मेले के मद्देनजर की गई है, ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न होने पाए।
आपात स्थिति में प्रयागराज से आने आने वाली ट्रेनें ऊंचाहार में रुकेंगी
रायबरेली। प्रयागराज में माघ मेला के मद्देनजर रेलवे ने ऊंचाहार स्टेशन पर भी पुख्ता प्रबंध किए हैं। रायबरेली से प्रयागराज की तरफ जाने वाली रेलमार्ग पर ऊंचाहार ही बड़ा स्टेशन है। प्रयागराज में स्पेशल ट्रेनों का दबाव ज्यादा बढ़ा और उन्हें रोकने के लिए जगह की कमी हुई तो गाड़ियों को ऊंचाहार भी लाया जा सकता है।
रेलवे के स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि भीड़ बढ़ने की दशा में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की जाएगी। आपात स्थिति में प्रयागराज से आने आने वाली ट्रेनों को ऊंचाहार स्टेशन पर रोका जाएगा। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश की व्यवस्था दुरुस्त करा ली गई है।