मधुवन क्रासिंग के पास रेलवे ट्रैक पर जानवर होने के कारण खड़ी वंदेभारत ट्रेन।
रायबरेली। प्रयागराज से गोरखपुर फर्राटा भरते हुए लौट रही वंदेभारत एक्सप्रेस की रफ्तार उस समय थम गई, जब शहर में रेलवे स्टेशन के निकट ट्रैक पर मवेशी नजर आए। लोको पायलट ने देखा तो अचानक ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। मवेशियों को ट्रैक से हटाने के लिए ट्रेन का स्टाफ गाड़ी से नीचे उतरा। इससे करीब 10 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। इसके बाद यह ट्रेन रायबरेली स्टेशन पहुंची।
वंदेभारत एक्सप्रेस सुबह गोरखपुर से लखनऊ, रायबरेली होते हुए प्रयागराज जाती है। शाम को प्रयागराज से इसी रास्ते गोरखपुर लौटती है। शाम को लगभग पांच बजे यह ट्रेन प्रयागराज से सीधे रायबरेली की तरफ बढ़ रही थी। शहर के रेलवे स्टेशन के निकट स्थित मधुबन क्रॉसिंग से थोड़ा पहले इस ट्रेन को अचानक रोकना पड़ा। ट्रेन रुकी रहने के कारण मधुबन क्रॉसिंग के गेट भी देर तक बंद रखे गए, जिससे रोड ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार का कहना है कि ट्रैक पर तीन-चार मवेशी बैठे थे, जिन्हें देखकर लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। सुरक्षा के मद्देनजर क्रॉसिंग के पास पहले से ही पुलिसकर्मी तैनात थे। ट्रेन के रुकते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए, ताकि किसी तरह की कोई घटना न घट सके।