रायबरेली। ऊंचाहार-प्रयागराज रेलखंड पर परियावां और मानिकपुर स्टेशन के बीच लाइन का अनुरक्षण कर रही ट्रैक मशीन खराब हो गई। इसका असर वंदे भारत व ऊंचाहार एक्सप्रेस पर पड़ा। वंदेभारत लगभग एक घंटा तो ऊंचाहार एक्सप्रेस डेढ़ घंटे तक कुंडा व मानिकपुर पर स्टेशनों पर रोकी गई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऊंचाहार एक्सप्रेस के यात्रियों ने ऊंचाहार स्टेशन पर नाराजगी जताई। जीआरपी के समझाने पर सभी शांत हुए।
रेल पटरियों की खामियों को दूर करने के लिए रेल लाइन का अनुरक्षण कार्य चल रहा है। रेल ट्रैक मशीन रेल लाइन की मरम्मत कर रही है। मंगलवार की दोपहर मशीन मानिकपुर व परियावां स्टेशन के बीच काम कर रही थी तभी उसके इंजन में खराबी आ गई और मशीन रेल लाइन पर ही फंस गई। मशीन के चालक ने खराबी दूर करने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
इस बीच प्रयागराज से गोरखपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन व ऊंचाहार एक्सप्रेस कुंडा स्टेशन पहुंच गई। रेल लाइन पर ट्रैक मशीन खड़ी होने से दोनों ट्रेनों को कुंडा स्टेशन पर रोकना पड़ा। इसके बाद ऊंचाहार से मालगाड़ी का इंजन भेजा गया और मशीन परियावां स्टेशन की लूप लाइन पर खड़ी की गई। लाइन खाली होने पर पहले वंदे भारत और उसके बाद ऊंचाहार एक्सप्रेस को रवाना किया गया।
उधर ऊंचाहार एक्सप्रेस ऊंचाहार स्टेशन पहुंची ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर आई आरपीएफ व जीआरपी ने मामले को शांत कराया। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मशीन खराब होने से ट्रेन देरी से आई थी, लेकिन हंगामा करने की घटना नहीं हुई।