रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली दो ट्रेनें बृहस्पतिवार को नहीं आएगी। इनमें शक्ति नगर से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस और गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस शामिल है। वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को लखनऊ में रोक ली गई और शाम को वापस भेज दी गई। यह ट्रेन लखनऊ से प्रयागराज के बीच निरस्त रही। इसी तरह यह ट्रेन बृहस्पतिवार को भी लखनऊ से वापस भेज दी जाएगी।
बुधवार को हावड़ा और अमृतसर के बीच दौड़ने वाली पंजाब मेल (अप-डाउन दोनों) तीन घंटे देर से आई। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ढाई घंटे, प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर डेढ़ घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस व प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा घंटे और बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ गंगा गोमती एक्सप्रेस व प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि कोहरे और माघ मेला की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित है।