रायबरेली। जिले में गुरुवार को टीकाकरण को लेकर लोगों में जोश देखने को मिला। सुबह से ही सेंटरों पर टीकाकरण के लिए लोगों की लाइन लगी दिखी। जिले में 17,500 लोगों ने पहुंचकर टीका लगवाया। शहर में 1800 लोगों को टीके लगाए गए। शुक्रवार को जिले को वैक्सीन की 14 हजार डोज मिलीं।
एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि जिले में गुरुवार को 17,500 लोगों में टीकाकरण किया गया। टीका लगवाने के लिए सुबह से ही सेंटरों पर भीड़ रही। शहर के जिला अस्पताल में 510 लोगों ने टीका लगवाया, जबकि आईएमए में 320 टीके लगाए गए।
महिला स्पेशल सेंटर पर 80 और अभिभावक स्पेशल सेंटर पर 90 लोगों को टीके लगाए गए। पीएचसी देवानदंपुर और गोराबाजार में दो-दो सौ टीके लगाए गए। वर्कप्लेस बालापुर में 120, रेलवे स्टेशन पर 100 और मिलन सिनेमा के पास 80 लोगों को टीके लगाए गए। शुक्रवार को टीकाकरण के लिए 14 हजार डोज वैक्सीन मिल गई है।
एम्स में कोरोना वार्ड खाली, रेलकोच में एक मरीज भर्ती
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि एम्स के एल-3 अस्पताल में अब तक एक भी मरीज भर्ती नहीं है, जबकि रेलकोच के एल-2 अस्पताल में मात्र एक मरीज भर्ती है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को जिले में 4826 लोगों की जांच की गई, जिसमें एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं मिला। पहले से संक्रमित कोई मरीज भी स्वस्थ नहीं हुआ। जिले में 39 एक्टिव मरीजों में पांच मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।