रायबरेली। जिले में शुक्रवार को फिर वैक्सीन न मिलने के कारण लोगों को टीका लगवाने के लिए भटकना पड़ा। सेंटरों पर पहुंचने के बाद भी लोगों को बिना टीका लगवाए ही वापस लौटना पड़ा। आधे से अधिक सेंटरों पर टीकाकरण पूरी तरह से बंद रहा।
क्लस्टर की तीन टीमें टीका लगाने के लिए गांवों को भेजी गईं। जिले में महज आठ सीएचसी में ही टीकाकरण हो सका। दिनभर में 3748 लोगों को टीके लगाए गए।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि वैक्सीन की कमी के कारण टीकाकरण शुक्रवार को प्रभावित रहा। जिले में 3748 लोगों में ही टीके लगाए जा सके।
शिवगढ़ हरचंदपुर और अमावां में ही क्लस्टर टीमों ने काम किया। शिवगढ़ में 300, हरचंदपुर में 246 और अमावां में 400 लोगों में क्लस्टर टीमों ने टीके लगाए। शहर के जिला अस्पताल में 440 और आईएमए में 291 लोगों में टीकाकरण किया गया। शहरी पीएचसी गोराबाजार में 120 और देवानंदपुर में 150 लोगों को टीके लगाए गए।