रायबरेली। छत्रपति शाहूजी महराज विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गईं। जिले के 51 महाविद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराते हुए परीक्षाएं कराई गईं।
इस बार डेढ़-डेढ़ घंटे की तीन पालियों में एग्जाम कराया गया। कॉपियां लिखने के बजाए परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट दी गई। परीक्षार्थियों में जोश रहा।
काफी लंबे इंतजार के बाद विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू हुईं हैं। गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग, हैंडवॉश की व्यवस्था रही। बगैर मास्क किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा कराई गई।
जिले में 51 महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिनमें सात को नोडल केंद्र की जिम्मेदारी भी दी गई है। पहले की तरह तीन पालियां जरूर रहीं, लेकिन परीक्षा की समयावधि घटाकर डेढ़ घंटा कर दी गई। पहली पाली सुबह 8 बजे से 9.30 बजे, दूसरी पाली सुबह 11 बजे से दोपहर 12.30 बजे और तीसरी पाली दोपहर 2 बजे से 3.30 बजे तक रही।
शहर के इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में पहले दिन 329 में महज 17 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. सुषमा देवी ने बताया कि अंग्रेजी साहित्य की परीक्षा में 105 में 98 परीक्षार्थी, हिंदी साहित्य में 224 में से 216 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय में इसी कॉलेज की लगभग नौ सौ छात्राओं के साथ त्रिवेणी काशी महाविद्यालय के 80 तथा व्यक्तिगत परीक्षार्थी आवंटित किए गए हैं। कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन कराते हुए परीक्षा कराई गई।
फिरोज गांधी महाविद्यालय में भी सभी जरूरी इंतजाम किए गए। यहां लगभग चार हजार से अधिक परीक्षार्थी आवंटित हैं। प्राचार्य डॉ. बीडी मिश्र ने बताया कि पहले दिन करीब 1200 परीक्षार्थी शामिल होने थे, जिसमें लगभग 35 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
हिंदी, अंग्रेजी, भूगोल समेत कई विषयों की हुईं परीक्षाएं
ऊंचाहार/बछरावां। विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में पहले दिन बीए द्वितीय एवं तृतीय वर्ष, बीएससी द्वितीय एवं तृतीय वर्ष, एमए द्वितीय वर्ष की हिंदी, अंग्रेजी, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल आदि विषयों की परीक्षाएं हुईं।
डेढ़ घंटे की परीक्षा में परीक्षार्थियों ने ओएमआर शीट पर सवालों को हल किया। डॉ. अंबेडकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऊंचाहार में परीक्षा के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया गया।
प्राचार्य डॉ. रूदल यादव ने बताया कि 1620 परीक्षार्थी आवंटित किए गए हैं। पहले दिन बीएसए द्वितीय वर्ष के 639 में आठ, बीएससी तृतीय वर्ष के 110 में 10, बीए तृतीय वर्ष के 634 में 17, एमए द्वितीय वर्ष के 55 में आठ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दयानंद बछरावां पीजी कॉलेज में भी परीक्षाएं शुरू करा दी गईं हैं। प्राचार्य डॉ. सुभाषचंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पहले दिन 453 परीक्षार्थियों में से 22 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।