गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में रविवार तड़के अटौरा चौकी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह किसी काम से सुबह बिना परिवारीजनों को कुछ बताए कहीं जा रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रभु का पुरवा गांव निवासी ज्ञानेंद्र कुमार (16) राजकीय इंटर कॉलेज अटौरा बुजुर्ग में कक्षा 11 का छात्र था।
रविवार तड़के बिना कुछ परिवारीजनों को बताए साइकिल से घर से कहीं निकल गया। रायबरेली-लालगंज मार्ग पर अटौरा चौकी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। इससे पहले कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, चालक गाड़ी समेत फरार हो गया।
चौकी के पास दर्दनाक हादसा होने के बावजूद पुलिस कर्मियों को घटना की जानकारी देर से हो सकी। थानेदार पन्नेलाल का कहना है कि पिता देवीशंकर की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
जगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को टेम्पो की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक डलमऊ से जगतपुर लौट रहा था, तभी हादसा हुआ। वह हेल्मेट नहीं लगाए थे। हादसे के बाद चालक टेम्पो छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। जगतपुर थाना क्षेत्र के साईं गांव निवासी देवीशंकर (40) किसी काम के सिलसिले में डलमऊ कस्बे गया था। बाइक से जगतपुर आ रहा था। जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर पड़रिया गांव के पास जगतपुर की तरफ से जा रहे टेम्पो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे देवीशंकर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। थानेदार बीएन शुक्ला का कहना है कि टेम्पो कब्जे में ले लिया गया है। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।