-हरचंदपुर कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह दुकान में घुसी बस। संवाद
रायबरेली। हरचंदपुर कस्बे में बृहस्पतिवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब रायबरेली से लखनऊ जा रही रोडवेज की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकानों में जा घुसी। इस हादसे में परिचालक समेत आठ लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर पहुंचाया, जहां सभी का उपचार किया गया। बस में सवार यात्रियों ने आरोप कि हादसा बस चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। हादसे के बाद चालक बस छोड़ कर भाग निकला।
मौके पर पहुंचे सीओ महराजगंज ने भी मामले की जांच पड़ताल की। बृहस्पतिवार सुबह रायबरेली डिपो की बस स्टेशन से लखनऊ जा रही थी। बस में करीब 20 सवारी बैठी थीं। बस की रफ्तार तेज होने से हरचंदपुर कस्बे में सड़क किनारे दुकानों में घुस गई।
मौके पर जुटे लोगों ने बस में सवार रायबरेली शहर निवासी दिव्यांशी मौर्य (20), सरेनी हतवासा निवासी किरन सिंह (22), हंसकुमार (65), परिचालक प्रेमशंकर (40) निवासी सरजू का पुरवा भदोखर , स्वाति शर्मा (25), बेनीपुर निवासी सलोनी (19), डीह निवासी खुशी अग्रहरि (22) और कुरिया चित्रा ऊंचाहार निवासी जेया त्रिपाठी (29) को बाहर निकाल कर हरचंदपुर सीएचसी पहुंचाया गया।
जहां डॉ. राजीव गौतम की देखरेख में सभी का उपचार किया गया। हरचदंपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। इस मामले में तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।