ऊंचाहार थाना क्षेत्र में क्षोभ नाला के पास डीसीएम चालक ने साइकिल सवार को टक्कर मारी तो गुस्साए लोगों ने उसे रोक कर जाम लगा दिया।
- फोटो : अमर उजाला
ऊंचाहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बेकाबू डीसीएम ने एक साइकिल सवार किसान को टक्कर मारने के बाद साइकिल से जा रहे दूधिया को टक्कर मार दी। इससे किसान की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूधिया गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने न सिर्फ डीसीएम चालक की पिटाई कर दी बल्कि ऊंचाहार-उन्नाव राजमार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। शव को पीएम के लिए भेजा गया है। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाया गया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट लिख कर कार्रवाई की जाएगी।
गदागंज थानाक्षेत्र के पूरे बाग मजरे मनिहर शर्की गांव निवासी अशोक कुमार (34) पुत्र रामदास साइकिल से किसी काम से ऊंचाहार तहसील जा रहा था। उसके पीछे दूसरी साइकिल से मनिहरगर्वी मजरे सुदामापुर गांव निवासी भगौती प्रसाद दूध लेकर ऊंचाहार बेचने जा रहा था।
ऊंचाहार-उन्नाव राजमार्ग पर सनबिरनवा गांव स्थित क्षोभनाला के निकट ही कानपुर से गैस सिलेंडर लादकर ऊंचाहार की ओर जा रहे डीसीएम चालक ने अशोक को रौंदते हुए दूधिए भगौती प्रसाद की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इससे अशोक कुमार की घटनास्थलपर मौत हो गई, जबकि भगौती गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डीसीएम चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक शाहिर अली निवासी निरंजनपुर मजरे खुर्दमपुर ऊंचाहार को छुड़ाया और घायल दूधिए को सीएचसी में भर्ती कराया। घटना से गुस्साए लोगों ने रोड जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे ऊंचाहार कोतवाल विमल सिंह के समझाने के बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
कोतवाल ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पीएम को भेज दिया गया है। मृतक अशोक किसान था। उसकी मौत की खबर से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी ऊषा गश खाकर गिर पड़ी। एक बेटा मयंक 10 वर्ष का है, जो पढ़ाई कर रहा है। किसान की मौत से परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार वालों का रो-रोकर हाल बेहाल है।