रायबरेली। पंचायतीराज विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की खराब प्रगति पर डीएम सरनीत कौर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित एडीओ पंचायत और पंचायत सचिवों को प्रगति सुधारने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्यों में लापरवाही मिलने पर अवर अभियंताओं को भी नोटिस जारी की गई है।
डीएम ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान 20 अंत्येष्टि स्थलों में 18 का निर्माण पूरा पाया। डिजिटल लाइब्रेरी में समय से फर्नीचर उपलब्ध न कराने पर संबंधित फर्म के भुगतान में पांच प्रतिशत कटौती के निर्देश दिए गए। वहीं पंचायत सहायकों को आय बढ़ाने के लिए कार्य करने की चेतावनी दी गई और डीपीआरओ को पंचायत सहायकों को नियमानुसार मानदेय भुगतान कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा में एडीओ पंचायत खीरों की प्रगति खराब मिलने और ब्लॉक परिसर के सामने कूड़ा जमा होने पर चेतावनी दी गई। ‘मेरा तालाब, मेरी जिम्मेदारी’ योजना में खराब प्रगति पर राही की कंसल्टिंग इंजीनियर साक्षी अवस्थी को नोटिस जारी की गई।
डीएम ने एक माह के भीतर जन सुविधा केंद्रों पर सभी सेवाएं उपलब्ध कराने और परिवार रजिस्टर को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए हैं। प्रगति में सुधार न होने पर कार्रवाई की जाएगी।