रायबरेली। महराष्ट्र के पुणे से स्कूटी चलाकर दो युवक कुशीनगर जा रहे थे, जिन्हें अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र में बहादुरपुर चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोक लिया। उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई तो तिलोई तहसील के अफसरों ने दोनों युवकों को मलिक मोहम्मद भारतीय इंटर कॉलेज जायस में क्वारंटीन करा दिया गया। दोनों युवकों के सैंपल भी लिए जाने के लिए स्वास्थ्य टीम को निर्देश दिए गए हैं।
जायस कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चौकी बहादुरपुर पुलिस गुरुवार को लॉकडाउन का शत-प्रतिशत पालन कराने के लिए चेकिंग कर रही थी। चौकी प्रभारी उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि चेकिंग के दौरान ही स्कूटी सवार दो युवक रायबरेली की ओर से आते दिखे। चौकी प्रभारी ने दोनों युवकों से पूछताछ की। दोनों युवकों ने अपना नाम कुशीनगर निवासी रितेश शर्मा और दीपक शर्मा बताया।
उन्होंने बताया कि पुणे में दिहाड़ी मजदूरी या ठेला लगाकर जीवन यापन करते थे। लॉकडाउन के चलते सब कुछ बंद है। खाने-पीने की समस्या सामने आई। ट्रेनें बंद होने की वजह से घर लौटना भी मुश्किल था। ऐसे में पुणे से 18 अप्रैल को दोनों लोग स्कूटी से ही कुशीनगर के लिए निकल पड़े। कई राज्यों की सीमाएं और जिलों को पार करते हुए इतना लंबा सफर तय कर यहां पहुंचे दोनों युवक पकड़ लिए गए।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि एसडीएम तिलोई सुनील कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर दोनों युवकों को जायस नगर स्थित मलिक मोहम्मद भारतीय इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में रोका गया है। फिलहाल दोनों युवक 14 दिन के लिए क्वारंटीन रहेंगे। इन दोनों युवकों के सैंपल भी लिए जाएंगे।