शिवगढ़। दो अलग-अलग गांवों में दो महिलाओं और एक बच्ची को सांप ने डस लिया। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया गया, जहां तीनों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
पहली घटना बैंती गांव में हुई, जहां रविवार सुबह दरवाजे के बाहर मशीन से ललिता (33) चारा काट रही थीं। इस दौरान घास के ढेर में बैठे सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। दूसरी घटना आलम का पुरवा मजरे लाही में घटी, जहां खेत में घास लेने जा रही सुंदारा (45) पत्नी राम विलास को सांप ने डस लिया।
बैसन का पुरवा मजरे नरायनपुर में कोठरी में उपले लेने गई सात साल की जाह्नवी पुत्री राम कुमार की अंगुली में सांप ने डस लिया। सीएचसी की इमरजेंसी में तैनात डाॅ. प्रेम शरण और फार्मासिस्ट योगेंद्र कुमार ने तीनों को भर्ती कर इलाज किया। तीनों लोग खतरे से बाहर बताए गए हैं।