रायबरेली। हरचंदपुर कस्बे में बुधवार को कार सवार बदमाशों ने दो कारोबारियों की न सिर्फ धुनाई की बल्कि दवा व 17 हजार की नकदी लूट ली। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से लोगों में आक्रोश है। बदमाश कार से भाग निकले। यह घटना तब हुई, जब चौराहे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। व्यापारियों ने पुलिस को घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का दावा है कि रुपये के लेनदेन में विवाद हुआ है।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के रहने वाले नरेश कुमार और इंद्रपाल सिंह दवा कारोबारी हैंं। प्रतिमाह दवा की बिक्री करने हरचंदपुर कस्बे आते हैं। बुधवार दोपहर करीब दो बजे कारोबारी दवा लखनऊ-प्रयागराज हाईवे स्थित हरचंदपुर कस्बे में मौजूद थे। इसी दौरान दो कार पर सवार होकर छह लोग पहुंचे।
कार सवार बदमाश व्यापारियों से बैग व नकदी छीनने लगे। बदमाशों ने कारोबारियों की पिटाई की। इसके बाद कार सवार बदमाशों ने नरेश से दवा से भरा बैग और इंद्रपाल से 17 हजार रुपये लूट लिए। बैग में करीब 50 हजार कीमत की दवाएं थी। लूट की वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर आई और घटना की जांच की।
हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि कार सवार और कारोबारियों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद था। कारोबारियों के साथ लूट हुई है या नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।