डलमऊ (रायबरेली)। विद्यालय में दो शिक्षिकाओं के बीच जमकर मारपीट हुई जिसमें एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस घटना से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे भी सहम गए। मामले की जानकारी होने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की और बयान दर्ज किए।
बीते बुधवार को प्राथमिक विद्यालय सुरसना में दो शिक्षिकाओं के बीच विवाद हुआ था। यह मामला उस समय शांत हो गया था, लेकिन बृहस्पतिवार को विद्यालय खुला तो फिर शिक्षिकाओं में मारपीट हुई। शिक्षिका सिद्धि बाजपेयी का कहना है कि दूसरी शिक्षिका ने उनको बुरी तरह पीटा। सूचना पर आसपास रहने वाले ग्रामीणों के साथ ही अभिभावक भी स्कूल पहुंचे। कुछ लोगों ने बीचबचाव की कोशिश की, लेकिन झगड़ा शांत कराने में नाकाम रहे।
इस बीच पुलिस पहुंची तो माहौल कुछ शांत हुआ, लेकिन तनातनी बनी रही। विवाद की जानकारी मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी नंदलाल रजक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों शिक्षिकाओं के बयान दर्ज किए। बीईओ के मुताबिक, शिक्षिका सिद्धि वाजपेयी को गंभीर चोटें आई हैं। घायल शिक्षिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ भेजा गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपनिरीक्षक अमित मलिक ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है।